अमित शाह को घेरने के मूड में माया कोडनानी

 

अहमदाबाद। गुजरात दंगों के समय लोगों को उकसाने और दंगाईयों को मदद पहुंचाने जैसे आरोपों के चक्कर में फंसी पूर्व मंत्री माया कोडनानी खुद को बेकसूर साबित करने के लिए अमित शाह को उनके पक्ष में गवाही के लिए अदालत में पेश करना चाहती हैं। मालूम हो कि माया कोडनानी को 2012 में इस कत्ल-ए-आम के लिए दोषी पाया गया था और 28 साल की सजा की सुनायी गयी थी। नरोडा पाटिया नरसंहार में कम से कम 100 मुसलमानों की हत्या हुई थी। 2014 में माया को सुप्रीम कोर्ठ से जमानत मिली थी, और फिलहाल उन्होंने इस सजा को चुनौती दी है।
कोडनानी का दावा है कि जब नरसंहार हो रहा था, तब वह अमित शाह के साथ ही थीं। गुजरात दंगों में नरोडा पाटिया के भीषण कत्ल-ए-आम की दोषी गुजरात की तत्कालीन मोदी सरकार की मंत्री माया कोडनानी ने अपने बचाव के लिए एक बार फिर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर दांव खेला है। उन्होंने एक बार फिर अदालत से गुहार लगायी है कि खुद को बेकसूर साबित करने के लिए वे अमित शाह को उनके पक्ष में गवाही देने के लिए अदालत में पेश करना चाहती हैं। उनका दावा है कि जब कत्लेआम हो रहा था, तब वह अमित शाह के साथ ही थीं। अमित शाह के जरिए वह सीधे सवाल उठाना चाहती हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में, जो इस नरसंहार के समय राज्य के मुख्यमंत्री थे। वैसे गुजरात में यह आम चर्चा है कि अमित शाह और माया कोडनानी के रिश्ते कभी अच्छे नहीं रहे। दोनों को अलग-अलग ध्रुवों का माना जाता है। माया कोडनानी के करीबियों का कहना है कि अमित शाह ने ही माया को फंसवा दिया और उनको घेरकर ही वह बाहर निकल सकती हैं।