शाह का शगल: बिहार में 40 सीट

 

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व ने अगले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का लक्ष्य तय कर दिया है। बिहार में जद (यू)-भाजपा गठबंधन की नई सरकार बनने के बाद राज्य भाजपा के कोर ग्रुप के साथ अहम बैठक हुई है। बैठक में शाह ने हर बूथ पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तैनात करने के निर्देश भी दिए हैं।
भाजपा मुख्यालय में शाम को 6 बजे से 8 बजे तक लगभग दो घंटे चली बैठक में शाह ने लोकसभा चुनावों की तैयारी को लेकर राज्य के नेतृत्व को खास निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार शाह ने बैठक में कहा कि राज्य भाजपा के सभी मंत्री और प्रमुख पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हर स्तर पर केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाएं और उपलब्धियां जनता तक पहुंचे। केंद्र और राज्य दोनों जगह सरकार होने से इस काम में आसानी होगी।
बैठक में शाह ने कहा कि बिहार में जद (यू) के साथ आने से राजग मजबूत हुआ है और अब लक्ष्य सभी 40 लोकसभा सीटों का होना चाहिए। इसके लिए सभी को अभी से काम करना होगा। हर बूथ पर अभी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देनी होगी। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और राज्य सरकार में मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने सभी 40 सीटों का टास्क दिया है और पार्टी इसे पूरा करेगी। वरिष्ठ नेता सी. पी. ठाकुर ने कहा कि भाजपा के सभी मंत्री प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को आम जनता से मिलेंगे। प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि अमित शाह अक्तूबर में बिहार का तीन दिन का दौरा करेंगे।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, प्रभारी महासचिव भूपेंद्र यादव, सौदान सिंह, नागेंद्रजी, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, राधामोहन सिंह, अश्विनी चौबे, गिरिराज सिंह, नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार, सी. पी. ठाकुर, मंगल पांडे, रेणु देवी आदि नेता शामिल थे।