मर्डर केस में राम रहीम की पेशी: सुरक्षा कड़ी

पंचकूला।डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ हत्या के 2 मामलों में शनिवार को सुनवाई है। किसी भी प्रकार के उपद्रव से बचने के लिए पूरे इलाके में पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंचकूला में अर्धसैनिक बलों और हरियाणा पुलिस की टुकडिय़ों को तैनात किया गया है। राम रहीम फिलहाल रोहतक की जेल में बलात्कार की सजा काट रहा है।
50 वर्षीय राम रहीम विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोहतक जेल से सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश होगा। वह बलात्कार के दो मामलों में 20 वर्ष कैद की सजा भुगत रहा है। सीबीआई की अदालत पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और पूर्व डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या मामले की सुनवाई कर रही है। इन मामलों में दोषी पाए जाने पर उम्रकैद से लेकर अधिकतम मृत्युदंड तक की सजा दी जा सकती है।