मुंबई हादसा: पीएम दुखी, सीएम देंगे मृतकों के परिजनों को 5 लाख

 

मुंबई। एल्फिंस्टन रोड और परेल उपनगरीय रेलवे स्टेशनों को जोडऩे वाले फुटओवर ब्रिज पर मची भगदड़ में कम से कम 22 लोगों के मारे जाने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री पीयूष गोयल मौके पर मौजूद हैं और हरसंभव सहायता सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर शोक जताते हुए लिखा, मुंबई में मची भगदड़ में जिन लोगों की जान गई है उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मेरी प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं
इस बीच रेल मंत्री पीयूष गोयल ने फुटओवर ब्रिज हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।उन्होंने ट्वीट किया, अब मैं मुंबई पहुंचा हूं। एल्फिंस्टन रोड फुटओवर ब्रिज पर मची दुभाग्र्यपूर्ण भगदड़ में मासूम जिंदगियों के नुकसान से शोक संतप्त हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्दी स्वस्थ्य होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने पश्चिम रेलवे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भगदड़ में मारे गए लोगों के निकट परिजनों को 5-5 रुपए सहायता राशि देने और घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर कराने की घोषणा की है। इस घटना में कम से कम 22 लोगों के मारे जाने की सूचना है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने ट्वीट किया, मृतकों के निकट परिजनों को पांच लाख रुपये की राशि मुआवजे के रूप में दी जाएगी। घायलों के इलाज का सारा खर्च सरकार उठाएगी। सीएम फडणवीस ने फुटओवर ब्रिज पर मची भगदड़ पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, घटना के बारे में जानकर बहुत दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों और प्रभावित होने वालों के लिए मेरा मन बहुत दुखी है।