नारायण राणे बनायेंगे पार्टी: फडणवीस सरकार में बनेंगे मंत्री

मुंबई। कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता नारायण राणे ने अपनी पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उनकी पार्टी का नाम महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष होगा। आज मुंबई में उन्होंने इस बात की घोषणा की। इससे पहले नारायण राणे की भाजपा में शामिल होने की खबर मीडिया में आई थी।
कांग्रेस से इस्तीफा देने से पहले राणे के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। इस बीच उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ ही विधान परिषद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
उसके बाद राणे दिल्ली जाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिले थे। लेकिन, इस मुलाकात में राणे के भाजपा में शामिल होने के बारे में कोई फैसला नहीं हो सका। सूत्रों के अनुसार, राणे अब अपनी अलग पार्टी बनाएंगे, जो भाजपा के सहयोगी दल के रूप में कार्य करेगी। फिलहाल, राणे ने एक समर्थ पैनल गठित किया है और इस पैनल के जरिए कोकण के पंचायत चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सूत्रों की मानें तो आगामी 6 अक्तूबर को राणे फडणवीस सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल हो जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उन्हें राजस्व अथवा पीडब्लूडी मंत्री बना सकते हैं।