रामायण सर्किट के लिए मिलेंगे 133 करोड़

लखनऊ। केंद्र सरकार ने अयोध्या में रामायण सर्किट के पुनरुद्धार के लिए 133 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। स्वदेश दर्शन नाम के शुरू की जाने वाली इस योजना में रामायण सर्किट में तमाम निर्माण होने हैं। केंद्र सरकार ने इसके लिए 26 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है।
प्रमुख सचिव पर्यटन श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा अयोध्या को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए राम कथा गैलरी, सरयू तट का विकास, ‘रानी हो का स्मारक, गुप्तार घाट का सुधार, दिगम्बर अखाड़ा परिसर में बहुउद्देश्यीय प्रेक्षागृह का निर्माण, राम की पैड़ी, पर्यटकों के ठहरने के स्थल, सुरक्षा की दृष्टि से सी.सी.टी.वी. कैमरा, पुलिस बूथ, आवागमन के साधन सहित अन्य नागरिक सुविधायें जैसे शौचालय, जल निकासी जैसे काम कराएं जाएंगे। इसके लिए केंद्र ने 133.3 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
उन्होंने बताया कि एनजीटी से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने पर सरयू तट पर भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा का निर्माण भी कराया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि यह प्रतिमा करीब 100 फुट की हो सकती है। उन्होंने बताया कि अयोध्या के पर्यटन विकास के लिए 195.89 करोड़ का डीपीआर पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार को भेजा था। इसमें 133.70 करोड़ की धनराशि मंजूर कर ली गई है।छोटी दीपावली पर अयोध्या में राम की पैड़ी पर 1,71,000 दीप जगमगाएंगे। अयोध्या में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या के विकास से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, नए बिजली कनेक्शन तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र आदि का वितरण होगा। कार्यक्रम में इण्डोनेशिया और थाईलैण्ड के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन भी किया जाएगा।