आरएसएस की दीपावली बैठक: संघ की मजबूती पर मंथन

 

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक आज यहां शुरू हो गयी। संघ की कार्यकारिणी मंडल सालाना बैठक को दीपावली बैठक के तौर पर भी जाना जाता है।
आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि कुछ राज्यों में संघ के कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमलों की संख्या बढ़ी है। संघ के कार्यकर्ताओं पर हमले हमलावरों की वैचारिक पराजय का प्रदर्शन करते हैं। एक विशेष विचारधारा का अस्तित्व बचाने के लिये हताशा में उसके कार्यकर्ता संघ के स्वयंसेवकों पर हमले कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संघ मानता है कि परिवार समृद्ध और सुदृढ़ होंगे तो राष्ट्र भी समर्थ बनेगा। इसी विचार को लेकर 15 साल पहले कर्नाटक में ‘कुटुंब प्रबोधन’ का प्रयोग प्रारंभ किया। वर्तमान में यह पूरे देश में चलाया जा रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। कुटुम्ब प्रबेाधन को समझने के लिए पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और जैन आचार्य महाप्रज्ञ की संवाद आधारित पुस्तक पढऩी चाहिए। इससे पहले आज सुबह यहां आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक का संघ प्रमुख मोहन भागवत और संघ के सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी ने शुभांरभ किया। इस बैठक में संघ के देश भर के लगभग 350 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इनमें संघ के 11 क्षेत्रों के 42 प्रांतों के पदाधिकारी भी शामिल हैं। बैठक में आगामी तीन दिन में संघ की तीन वर्ष की कार्य योजना, कार्य विस्तार और दृढ़ीकरण पर विचार मंथन किया जायेगा। आरएसएस के कार्यकारिणी मंडल को संघ परिवार का नीति नियंता माना जाता है।होसबोले ने बताया कि समाज में संघ का कार्य बढ़ा है। संघ कार्य के विस्तार में युवाओं की बड़ी भूमिका है। संघ का एक प्रकल्प है ‘ज्वाइन आरएसएस’, इसके माध्यम से बड़ी संख्या में टेक्नोसेवी युवा संघ से जुड़े हैं। इसके जरिये संघ से जुडऩे वाले युवाओं की संख्या में 2015 में 48 प्रतिशत और 2017 में 52 फीसद की वृद्धि हुई है। इनमें 20 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं की संख्या अधिक है। संघ के कार्यकर्ताओं के प्रयास से लगभग 450 गांवों में उल्लेखनीय बदलाव आया है।आरएसएस के मध्य भारत प्रांत प्रचार प्रमुख दीपक शर्मा ने बताया कि संघ के कार्यकारिणी मंडल की बैठक प्रतिवर्ष दो दफा मार्च और अक्तूबर माह में होती है। उन्होंने बताया कि लगभग एक दशक बाद संघ की यह बैठक भोपाल में हो रही है।