कांग्रेस ने उखाड़ा बीजेपी का तंबू: उपचुनाव में कांग्रेस जीती

 

नई दिल्ली। पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है। इस चुनाव को पंजाब में कांग्रेस सरकार की 6 महीने की परफॉर्मेंस से जोड़ कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस सीट भारी वोटों से बीजेपी को मात दी। उन्होंने एक लाख 93 हजार वोटों से बीजेपी के उम्मीदवार स्वर्ण सलारिया को हराया। इसके अलावा इस सीट पर आम आदमी पार्टी की तरफ से मेजर जनरल सुरेश खजारिया खड़े हुए थे। बता दें कि पंजाब में कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले सुनील जाखड़ मौजूदा समय में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी यानि पीपीसीसी के अध्यक्ष हैं। वह 2002 से पंजाब की अबोहार सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं। जाखड़ 2012 से लेकर 2017 तक पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष की भूमिका में भी रहे।
सुनील जाखड़ पंजाब में सबसे साफ छवि के नेताओं में गिने जाते हैं। वह साल 2002 में अबोहार सीट जीतकर पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 2007 और 2012 के चुनावों में वो फिर से विधायक चुने गए। सुनील जाखड़ कांग्रेस पार्टी के दिवंगत नेता बलराम जाखड़ के बेटे हैं। बलराम जाखड़ 1980-1989 के बीच लोक सभा के स्पीकर रहे थे। वो इस पद पर दो बार काबिज हुए थे। बलराम 2004 से लेकर 2009 तक मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।