गुजरात चुनाव: बज उठी रणभेरी, 9 और 14 दिसम्बर को वोटिंग

 

 

अहमदाबाद। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटों पर चुनावों के लिए तारीखों की घोषणा कर दी गई है। गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का चुनाव 9 दिसंबर (89 विधानसभा सीटों के लिए) जबकि दूसरे चरण का चुनाव 14 दिसंबर (93 विधानसभा सीटों के लिए) को होगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश, दोनों जगह वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। गुजरात चुनावों में इस बार 50,128 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। गोवा के बाद हिमाचल और गुजरात ऐसे राज्य होंगे जहां चुनावों में शतप्रतिशत वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।मुख्य चुनाव आयुक्त एके जोती ने गुजरात चुनावों की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में शतप्रतिशत स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराए जाएंगे। वीवीपैट के अलावा गुजरात चुनावों में कुछ खास कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें चुनावों पर नजर बनाए रखने से लेकर पेमेंट तक में आईटी का इस्तेमाल किया जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए एक मोबाइल ऐप होगा, जिसपर चुनाव से जुड़ी शिकायतें की जा सकेंगी। उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के लिए भी एक सुविधा ऐप होगा। इसके अलावा चुनावों के दौरान एक ई ऐटलस भी रहेगा, जिसपर रियल टाइम अपडेट्स मिलेंगे।