पहले चरण का मतदान 9 को: गुजरात के सीएम भी होंगे लॉक

 

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान गुरुवार को थम गया. पहले चरण के लिए मतदान 9 दिसंबर को होगा. इस चरण में 89 सीटों पर 977 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. इनमें मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं. प्रधानमंत्री मोदी के लिए ये चुनाव प्रतिष्ठा का है. वहीं कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने जा रहे राहुल गांधी के लिए ये चुनाव लिटमिस टेस्ट है.राजनीतिक पंडितों के मुताबिक, जो पार्टी सौराष्ट और कच्छ में ज्यादा सीटें हासिल करेगी, उसी के गुजरात में सरकार बनाने के ज्यादा चांस होंगे. 2012 के चुनाव में सौराष्ट्र और कच्छ की 58 सीटों में से बीजेपी ने 35 सीटें जीती थीं. वहीं कांग्रेस ने 20 सीटें जीती थीं. वहीं 2007 में सौराष्ट्र और कच्छ में बीजेपी को 43 और कांग्रेस को 14 सीटें मिली थीं.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीबी स्वैन ने बताया कि मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार बंद करने के नियम के तहत गुरुवार शाम पांच बजे के बाद प्रचार नहीं किया जा सकेगा। इसके बाद कोई अनधिकृत बाहरी व्यक्ति भी चुनाव वाले क्षेत्रों में नहीं रहेगा। चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर जन संपर्क में जुट जाएंगे। मतदान नौ तारीख को सुबह आठ बजे से पांच बजे तक होगा।पहले चरण में दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के 19 जिलों में चुनाव होना है। इसके लिए 57 महिलाओं समेत कुल 977 उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ भाजपा ने सभी 89 सीटों पर जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने 87 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। बसपा ने 64, सपा ने चार, श्री वाघेला के जन विकल्प मोर्चा ने 48, आप ने 21, जदयू ने 14, राकांपा ने 30 और शिवसेना ने 25 प्रत्याशी उतारे हैं। कुल 443 निर्दलीय भी मैदान में हैं।पहले चरण में प्रमुख चेहरों में राजकोट पश्चिम सीट से मुख्यमंत्री रूपाणी, भावनगर पश्चिम से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी, पोरबंदर से भाजपा के बाबू बोखिरिया तथा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया और मांडवी से कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल शामिल हैं।