चारा घोटाला: लालू की किस्मत का फैसला कल

पटना। राजद प्रमुख लालू प्रसाद पार्टी नेताओं से मुलाकात के बाद अपराह्न तीन बजे रांची के लिए रवाना हुए। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी के दस सर्कुलर रोड स्थित आवास पर लालू प्रसाद ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह एवं पार्टी प्रवक्ताओं को बुलाया। उनसे मिलने के बाद वे रांची रवाना होने की तैयारी में जुट गए। इस बीच पूरे घर में खामोशी छायी रही। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी पार्टी नेताओं के साथ बातचीत की।
इससे पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने आवास पर पहुंचे 10 प्रवक्ताओं से बात की। उन्होंने लालू प्रसाद के रांची जाने व कोर्ट के निर्णय के बाद मीडिया के माध्यम से जनता के बीच मजबूती से पार्टी का पक्ष रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजद प्रमुख चारा घोटाला मामले में पूरी तरह निर्दोष हैं। उन्हें इस मामले में फंसाया गया है। लालू प्रसाद के रांची रवाना होने के दौरान दस सर्कुलर रोड पर प्रवक्ता व विधायक भाई विरेंद्र, राजेंद्र राम, एज्या यादव, शक्ति सिंह यादव, अख्तरूल ईमान शाहीन, समीर महासेठ, रमानुज प्रसाद, चितरंजन गगन, मृत्युंजय तिवारी, मनीष यादव मौजूद रहे। उनके अतिरिक्त मसौढ़ी की विधायक रेखा देवी भी वहां पहुंचीं। विधायक व प्रवक्ताओं से मिलने के बाद राजद प्रमुख अपने पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव व विधायक भोला यादव के साथ रांची के जाने के लिए एयरपोर्ट रवाना हुए। बता दें कि चारा घोटाला मामला सरकार के खजाने से 900 करोड़ रुपए की फर्जीवाड़ा का है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों और राजनेताओं की मिलीभगत से इस घोटाले को अंजाम दिया गया था। इसमें पशुओं के लिए चारा, दवाओं आदि के लिए सरकारी खजाने से पैसा निकाला गया था।