रजनीकांत ने किया योग: दिखे अभिभूत

अल्मोड़ा। आध्यात्मिक यात्रा पर द्वाराहाट पहुंचे फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने रविवार को पांडवखोली स्थित महावतार बाबा की गुफा में पहुंचकर एक घंटे तक योग किया। रजनीकांत पहाड़ की आबोहवा से काफी प्रभावित नजर आए। फिल्म अभिनेता रविवार सुबह ही अपने करीबी मित्र बीएस हरि के कौंला स्थित आवास से पांडवखोली गुफा के लिए निकल गये। लगभग 20 किमी सडक़ यात्रा के बाद दूनागिरि होते हुए कुकुछीना पहुंचे। इसके बाद रजनीकांत घोड़े पर बैककर गुफा तक पहुंचे। इस दौरान रतखाल के ग्रामीणों ने रजनीकांत के साथ फोटो भी खिंचवाई। गुफा पहुंचने के बाद लगभग एक घंटे तक गुफा के अंदर रजनीकांत ने योग-साधना की। बाद में प्रफुल्लित अंदाज में रजनीकांत बाहर निकले। उन्होंने स्थानीय लोगों से यहां दोबारा आने का वादा भी किया।
ये पहाड़ है। यहां की हसीन वादियां। पक्षियों की कल-कल आवाज और प्रकृति के सुंदर नजारे, दुनिया में कहीं नहीं। मैं तो बस इस पहाड़ का कायल हो गया हूं। लोगों का अंदाज भी बिल्कुल अलग है। बस इस पहाड़ से इस बार एक दर्द लेकर जा रहा हूं। वह है, यहां के लोगों की पीड़ा। पहाड़ में रहने वाले लोगों का जीवन ऊंचे- ऊंचे पहाड़ों की तरह तकलीफदेय है। यह कहना है फिल्म अभिनेता रजनीकांत का।
इन दिनों द्वाराहाट आए सुपरस्टार रजनीकांत रविवार को द्वाराहाट से 20 किमी दूर महावतार गुफा में योग करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि पहाड़ के लोगों की इस दिक्कत को मैं दुनिया को दिखाना चाहता हूं। पहाड़ के लोग जिस पीड़ा से जूझ रहे हैं, उस पर मैं फिल्म बनाऊंगा। लोगों को बताऊंगा कि यहां लोग कितने मेहनतकश हैं। रजनी बोले- मैं जब ध्यान के लिए गुफा में आ रहा था तो रास्ते में देखा कि करीब 60 साल की महिला सिर में लकड़ी लिए आ रही थी। कुछ दूरी पर एक महिला और देखी। जिसके सिर पर टोकरी थी। मैं ये देखकर चकित हो गया। यहां महिलाएं भी कितनी मेहनती हैं।