तेजस्वी सीएम बने तो होंगे सबसे युवा

चुनाव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव के ज्यादातर एग्जिट पोल में महागठबंधन की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है। आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। एग्जिट पोल में बिहारवासियों ने तेजस्वी को नीतीश कुमार से बेहतर मुख्यमंत्री का उम्मीदवार माना है। वहीं, अगर एग्जिट पोल्स नतीजों में तब्दील होते हैं तो फिर वे सिर्फ बिहार में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में इतिहास रचने जा रहे हैं। दरअसल, तेजस्वी अगर बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनते हैं तो फिर वे किसी भी राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे।
बिहार के तीसरे चरण के मतदान के बाद शनिवार शाम को जारी किए गए एग्जिट पोल की मानें तो महागठबंधन को 180 तक सीटें मिल सकती हैं। टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में महागठबंधन की बिहार में सुनामी दिखाई दे रही है। वहीं, इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने महागठबंधन को 139-161 सीटें दी हैं, जबकि एनडीए के खाते में 69-91 सीटें गई हैं। इसके अलावा, एबीपी न्यूज-सी वोटर की मानें तो 104-128 सीटें आरजेडी+ के खाते में जा सकती हैं। इस तरह से लगभग सभी पोल्स में महागठबंधन की सरकार बनते हुए दिखाई दे रही है।