नेताजी बोले: पाकिस्तान से करो दोस्ती

mulayam singh lko 01 august 15
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि देश की समृद्धि एवं सुरक्षा में शिक्षक एवं सेना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक समाज का निर्माण करता है और नई पीढ़ी को आगे बढऩे के लिए मार्ग बताता है जबकि सेना सीमा पर कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए भी देश की रक्षा करती है। जहां नागरिक शिक्षित होगें वही देश तरक्की करेगा।
उन्होंने भारत पाक बांग्लादेश का महासंघ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाना है तो पाकिस्तान से दोस्ती रखना होगा। शासक वर्ग की इसमें रूचि नहीं है पर दोनों ओर की जनता दुश्मनी से तंग है। मुलायम सिंह यादव शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में राजकीय शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी, मण्डलीय एवं जनपदों के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ शिक्षक नेताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने समाजवादी सरकार की योजनाओं से समाज के सभी वर्गो के लाभान्वित होने का दावा करते हुए कहा कि पांच साल के लिये किए गए अधिकांश चुनावी वादे तीन साल में पूरे हो गए हैं। जन सामान्य को जितनी सुविधाएं उत्तर प्रदेश में मिल रही है, अन्यत्र कहीं नहीं उपलब्ध है। यहंा मुफ्त पढ़ाई, दवाई, सिंचाई और गम्भीर रोगों के मुफ्त इलाज की सुविधा है। जनता महसूस कर रही है कि यहां अच्छा काम हो रहा है।