दो गज की दूरी मास्क है जरूरी: हो जाएं तैयार, कटेगा चालान

श्यामल मुखर्जी/दिनेश शर्मा, गाजियाबाद। मोदीनगर प्रशासन ने ड्रोन का इस्तेमाल कर मास्क न पहनने वाले कई लोगों के चालान काटे। उप जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद व पुलिस अधिकारियों के साथ कई स्थानों पर मास्क न पहनने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया । उप जिलाधिकारी ने लोगों से मास्क पहनने व 2 गज की दूरी का ख्याल रखने की अपील भी की। इस दौरान 11 लोगों के चालान कर ₹2000 भी वसूले गए। कोरोना संक्रमण न फैले इसके लिए शासन के आदेश के अनुपालन पर उपजिलाधिकारी आदित्य प्रजापति ने नगर पालिका परिषद के सफाई नायक मुरारीलाल व पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर दिल्ली मेरठ मार्ग,बस स्टैंड व तिबड़ा रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि बिना मास्क पहने घूम रहे लोगों का चालान काटा गया और उन्हें मास्क पहनने व दो गज की दूरी का ख्याल रखने की भी हिदायत दी गई। उप जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ लोग भीड़ में भी बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद ने 6 व पुलिस ने 5 बिना मास्क पहन कर घूम रहे लोगों के चालान काटकर ₹ दो हजार का राजस्व वसूल किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मोदी नगर की जनता में हडक़ंप मचा हुआ है।