सपा ने निकाली किसान यात्राएं

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज किसानों के भारत बंद को समाजवादी पार्टी ने पूर्ण समर्थन दिया। प्रदेश के सभी जनपदों में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने किसानों की मांगों के समर्थन में आज किसान यात्राएं निकाली और बंद में भी भागीदारी की। समाजवादी पार्टी की किसान साइकिल यात्राएं अगले निर्देश तक लगातार चलती रहेगी। पुलिस की जगह-जगह रोक-टोक के बावजूद आज भारत बंद पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनपदों में जलूस निकाले, ट्रेनें रोकी, बाजार बंद कराया और सडक़ों पर धरना दिया। समाजवादी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बाधाएं खड़ी की और उन पर लाठीचार्ज किया। धरना दे रहे नेताओं को सडक़ पर बेदर्दी से घसीटा गया। कई नेता-कार्यकर्ता पुलिस द्वारा निर्दयतापूर्ण शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग से घायल हो गए। तमाम नेताओं को घरों में नजऱबंद कर दिया गया। समाजवादी पार्टी के सैकड़ों विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों एवं जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों सहित हजारों कार्यकर्ताओं को आज गिरफ्तार किया गया। अधिवक्ताओं ने अदालतों में कार्य बहिष्कार किया। किसान भाइयों ने भीख मांगकर अपना विरोध जताया। कई जगह बैलगाड़ी और ट्रैक्टर के साथ प्रदर्शन किया गया।
राजधानी में समाजवादी पार्टी के कई विधायक विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह के प्रतिमा स्थल तक पहुंच कर भाजपा की किसान विरोधी कुनीतियों के खिलाफ मौन धरना दिया। धरने में आनन्द भदौरिया, सुनील सिंह साजन, उदयवीर सिंह, डॉ0 राजपाल कश्यप, वासुदेव यादव, संतोष सनी, आशू मलिक तथा हीरालाल यादव शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल ने फतेहपुर में देवमई ब्लाक में किसान साइकिल यात्रा का नेतृत्व किया।