योगी का निर्देश: उद्योगों की स्थापना के लिए दें प्रोत्साहन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कि राज्य सरकार ने उद्योगों के लिए नीति का सरलीकरण किया है। जरूरत इस बात की है कि निवेशकों को सभी सुविधाएं सुलभ कराई जाएं। उद्योगों की स्थापना के लिए उनको अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाए। मुख्यमंत्री मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में औद्योगिक निवेश का विशेष महत्व है। इससे जहां एक तरफ विकास होता है, तो दूसरी तरफ लोगों को रोजगार भी मिलता है। अत: प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए अधिकारी पूरी रुचि लेकर काम करें। धान क्रय केंद्रों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों पर किसानों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं और उनका भुगतान समय से कर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसान भी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए उन्हें प्रगतिशील खेती के लिए प्रेरित किया जाए। गोआश्रय स्थलों के संबंध में उन्होंने कहा कि इन्हें आय का केंद्र बनाया जाए। इसके लिए इन्हें सीएनजी उत्पादन, गोबर के दीप निर्माण और अन्य आर्थिक गतिविधियों से जोडऩे की जरूरत है। नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में लागू की जा रही अमृत मिशन और स्मार्ट सिटी योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। इन योजनाओं के तहत कराए जाने वाले विकास कार्य पूरी गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरी किए जाएं।