योगी बोले: भ्रष्ट अफसर पर कार्रवाई में संकोच नहीं

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भ्रष्टाचार के संबंध में प्रदेश सरकार की जीरो टालरेंस नीति है। इसके मद्देनजर भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने में कोई संकोच नहीं किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने रविवार को उच्चस्तरीय बैठक में यह बात कही। उन्होंने संरक्षित गोवंश को सर्दी से बचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी धान क्रय केन्द्रों को निरन्तर कार्यशील रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की खरीद में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने धान खरीद के संबंध में समय से भुगतान सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अपने जनपद के गो-आश्रय स्थलों और गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखे। उन्होंने संरक्षित गोवंश को सर्दी से बचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए है।