यूपी से हज यात्रियों की संख्या बेहद कम : तीन महिलाएं शामिल

कानपुर। इस बार यूपी से हज के लिए जाने वालों में बस तीन महिलाओं का एक समूह शामिल होगा। वह भी तब, जब उनका आवेदन मंजूर हो जाए। पिछले सालों में कुल हज यात्रियों में औसतन 45 प्रतिशत महिलाएं शामिल होती थीं। कुल हज यात्रियों की संख्या भी इस बार बेहद कम होगी। अंतिम तिथि 10 जनवरी तक पूरे प्रदेश से केवल 6235 आवेदन आए हैं। पिछले पांच सालों में यह संख्या कभी 14 हजार से कम नहीं रही। माना जा रहा है कि इस बार कोरोना के खतरे और यात्रा महंगी होने से यात्रियों की संख्या कम है। महिलाओं की संख्या कम होने के पीछे कोई विशेष वजह नहीं पता चल रही है। कानपुर नगर जिले से इस बार हज के लिए 218 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें एक भी महिला शामिल नहीं है।