तेजस्वी ने बिहार को बताया क्राइम कैपिटल आफ इंडिया

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। शनिवार को विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राजद की बैठक के बाद पटना में पत्रकारों से बात कर रहे थे। सीएम नीतीश पर बरसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया बनता जा रहा है। चोर दरवाजे से सीएम की कुर्सी पर पहुंचे नीतीश कुमार मजबूर, बेबस, लाचार, बेहद कमजोर और थके हुए मुख्यमंत्री लग रहे हैं। तेजस्वी यादव ने रूपेश सिंह हत्याकांड पर नीतीश कुमार को घेरा और कहा कि पत्रकारों के जायज सवाल पर कल सीएम भडक़ गए। मुख्यमंत्री का इकबाल खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री अपराध पर लगाम लगाने की बजाय पत्रकारों पर ही भडक़ रहे थे। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। सीएम ये बताएं कि राज्य में अपराध कौन कर रहा है और यह क्यों हो रहा है।