पंकज सिंह का विधायक लोनी ने किया भव्य स्वागत

लोनी। मंगलवार को यूपी भाजपा उपाध्यक्ष एवं नोएडा से विधायक पंकज सिंह के लोनी आगमन पर पुश्ता चौकी पर क्षेत्रीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर, मण्डल अध्यक्ष प्रशांत ठाकुर के नेतृत्व में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में पंकज सिंह ने क्षेत्रीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस दौरान पंकज सिंह ने बताया कि आज प्रदेश में विकास की बयार बह रही है जिसे आप लोनी में भी महसूस कर सकते है। 2017 के बाद से लोनी समेत पूरे प्रदेश में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। क्षेत्रीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि आज लोनी के जिस पुश्ता मार्ग पर हम सभी खड़े है यह भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक द्वारा किये गए बदलावों का प्रतीक है।भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते आज भाजपा की विचारधारा और माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाएं लोगों के घर-घर पहुंच रही है। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और 2022 भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी। वहीं विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह के स्वागत के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़ का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोनी की राष्ट्रवादी जनता भाजपा नीत सरकार और उसकी विचारधारा की कट्टर समर्थक है और लोनी आज भगवा दुर्ग के रूप में जानी जाती है। लोनी के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध और कटिबद्ध है।