बोले स्वतंत्र देव: माफियाओं पर बुलडोजर से आकाओं को दर्द

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्तवंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश में गुंडे-माफियाओं, अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चल रहे हैं तो उनके आकाओं और सरगनाओं को दर्द हो रहा है। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव का विलाप भी इसी की कड़ी है। आश्चर्य है कि जिनकी सरकार में कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति, बेकाबू अपराध के कारण यूपी की अंतर्राष्ट्रीय बदनामी हुई थी आज वह बदलते और चमकते उत्तर प्रदेश पर प्रश्न उठा रहे हैं।
सपा मुखिया के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि सपा अध्यक्ष अपनी सरकार की असफलताओं के आंकड़े आज गिना रहे थे। उनकी सरकार की अराजकता, युवा, किसान विरोधी नीतियों का ही फल था कि जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। अवसरवादी गठबंधनों का खेल खेलने के बाद भी जनता से नकारे जाने के कारण सपा सहित पूरा विपक्ष हताश और अवसादग्रस्त है।
श्री सिंह ने कहा कि जिस सपा सरकार में भर्ती आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बने हुुए थे, लाखों युवाओं की मेधा से खिलवाड़ किया गया, नौकरियों में भ्रष्टाचार का नंगा नाच हुआ आज उसके कर्ता-धर्ता के मुंह से युवाओं की चिंता हास्यास्पद और घडिय़ाली आंसू से अधिक कुछ नहीं है। प्रदेश की भाजपा सरकार में अब तक 3.75 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और एक भी शिकायतें नहीं आई हैं। यह पारदर्शिता की मिसाल है जिससे अखिलेश को खुली आंखों से देखना व महसूस करना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख किसानों के हितों की बात किस मुंह से कर रहे है? सपा प्रमुख में साहस व ईमानदारी हो तो वह बताएं कि उनकी सरकार में गन्ना किसानों को कितना भुगतान हुआ, कितनी गेहूं-धान की खरीद हुई? भाजपा सरकार अब तक किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान कर चुकी है, जबकि सपा-बसपा दोनों ही सरकारों में हुई कुल खरीद से अधिक गेहूं-धान की खरीद की गई है। किसान हमारे लिए राजनीति नहीं विकास व राष्ट्रनीति का विषय हैं। उन्होंने कहा कि केवल तुष्टीकरण, वौटबैंक, परिवार के विकास व लूट तक सीमित रहने वाले दल कभी भी युवाओं, किसानों के हितैषी नहीं हो सकते। यह बात जनता समझ चुकी है और इसीलिए उसका समर्थन व आशीर्वाद निरंतर भाजपा को प्राप्त हो रहा है।