योगी बोले: सिख धर्म देता है त्याग और सेवा की सीख

लखनऊ। सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व में शामिल होने जब मुख्यमंत्री बुधवार को यहियागंज गुरुद्वारे पहुंचे तो पूरा हॉल जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल से गूंज उठा। गुरु के दीवान के समक्ष माथा टेकने के बाद मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह द्वारा समाज को एक सूत्र में बांधने के प्रयास की सराहना की। दरबार हॉल में बैठकर उन्होंने गुरु को समर्पित शबद भी सुने। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख धर्म हमें त्याग और सेवा भाव का संदेश देता है। हम अपने जीवन में इसे आत्मसात कैसे करे यह ध्यान देना है। नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरित करने का प्रयास करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की उन्होंने सभी से सर्वधर्म का आदर और सम्मान करने की अपील की। उनके साथ उप मुख़्यमंत्री दिनेश शर्मा, मंत्री आशुतोष टण्डन, ब्रजेश पाठक, संयुक्ता भाटिया , गुरुद्वारे के अध्यक्ष डॉ.गुरमीत सिंह समेत सिख समाज के कई लोग मौजूद थे।