किसान मोर्चा का एलान: 30 जनवरी को सद्भावना दिवस मनेगा

नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा ने 30 जनवरी को पूरे देश में सदभावना दिवस मनाने की घोषणा की है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से कहा गया है कि दिल्ली समेत पूरे देश में जहां-जहां कृषि कानूनों के विरोध में धरने-प्रदर्शन हो रहे हैं वहां 30 जनवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक भूख हड़ताल की जाएगी। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सभी देशवासियों ने एकदिवसीय भूख हड़ताल में शामिल होने की अपील की गई है। साथ उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर किसान आंदोलन को बदनाम करने का आरोप लगाया है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से कहा गया है कि 26 जनवरी का षडयंत्र भाजपा के लोगों द्वारा सुनियोजित था। जिसका सहारा लेकर किसानों के आंदोलन को बदनाम किया जा रहा है। मोर्चे की ओर से कहा गया कि 99 प्रतिशत किसानों ने पुलिस द्वारा तय रूट पर ही ट्रैक्टर मार्च निकाला था। भाजपा के लोगों ने लाल किले पर जाकर उत्पात मचाया, उनके हमारा कोई लेना-देना नहीं है।