प्रियंका का अलग अंदाज: टोकरी ले तोड़ीं चाय की पत्तियां

डेस्क। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के असम दौरे का आज दूसरा दिन है। प्रियंका गांधी यहां चुनावी प्रचार करने में जुटी हैं, साथ ही वह लोगों से मुलाकात भी कर रही हैं। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को महिला चाय बागान मजदूरों से मुलाकात की। यहां भी प्रियंका गांधी का अलग अंदाज दिखा, वो यहां पर टोकरी लेकर मजदूरों की तरह चाय की पत्तियां तोड़ती हुईं नजऱ आईं. असम में चाय बागान के मजदूरों का मुद्दा बड़ा रहता है, ऐसे में प्रियंका गांधी यहां पर पहुंची हैं।
प्रियंका गांधी ने इस दौरान ट्वीट भी किया, उन्होंने लिखा असम की बहुरंगी संस्कृति ही असम की शक्ति है। असम यात्रा के दौरान लोगों से मिलकर महसूस किया कि लोग इस बहुरंगी संस्कृति को बचाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से तैयार हैं। अपनी संस्कृति और विरासत बचाने के लिए असम के लोगों की लड़ाई में कांग्रेसी पार्टी उनके साथ है। गौरतलब है कि एक ओर प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम में मोर्चा संभाला हुआ है, तो वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी दक्षिण के राज्यों में लगातार प्रचार करने में जुटे हैं. तमिलनाडु के बाद राहुल गांधी फिर एक बार केरल का दौरा करेंगे।