पंजाब के 9 जिलों में बढ़ा कफ्र्यू का टाइम

चडीगढ़। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच एक बार फिर से पाबंदियों के दिन लौट आए हैं। पंजाब में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए धीरे-धीरे और सख्ती बढ़ाई जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नाइट कफ्र्यू की अवधि को 2 घंटे और बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने ऐलान किया कि आज यानी गुरुवार रात से नाइट कफ्र्यू की टाइमिंग रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक होगी। इससे पहले नाइट कफ्र्यू की टाइमिंग रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक थी। यानी पंजाब के नौ जिलों में नाइट कफ्र्यू के समय में और दो घंटे की बढ़ोतरी की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीडियाकर्मियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि विशेषज्ञों के परामर्श से अगले दो दिनों में और अधिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे। राज्य में कोरोना की स्थिति खतरनाक है। मैं इसे लेकर काफी सख्त होने जा रहा हूं। दरअसल, आज यानी गुरुवार से राज्य के 22 जिलों में से नौ जिलों में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कफ्र्यू लागू रहेगा। पंजाब के लुधियाना, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, शहीद भगत सिंह नगर,रूपनगर, कपूरथला और होशियारपुर इस नाइट कफ्र्यू की जद में रहेंगे, जहां नौ बजे से ही पाबंदियों की शुरुआत हो जाएगी। बता दें कि पंजाब में कोरोना वायरस से मृत्यु दर सबसे अधिक है।