मोदी बोले: बिहार में जगंलराज पार्ट टू आया तो सब बर्बाद

modi-gaya-rally_
गया। बिहार विधानसभा चुनावों से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गढ़ गया में बीजेपी की परिवर्तन रैली को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने दो फैसले कर लिए हैं। पहला फैसला, बिहार के जीवन में, विकास में, राज्य का भाग्य बदलने के लिए आधुनिक, ताकतवर और नया बिहार बनाने का है और दूसरा परिवर्तन का। 25 साल से बिहार की जनता ने जिनके हर जुल्म, अहंकार, धोखाधड़ी को झेला, उनसे मुक्ति का पर्व चुनाव आने वाला है। यह चुनाव बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाने का पर्व बनने वाला है। आने वाले पांच साल भी ऐसे बीते तो नौजवान बर्बाद हो जाएंगे। भविष्य तबाह हो जाएगा। बिहार को अपना भला करने वाली लोकतंत्र सरकार चाहिए। बिहार में जंगलराज पार्ट-टू आया तो सब बर्बाद हो जाएगा। जंगलराज पार्ट-टू में अब जेल का अनुभव भी जुड़ गया है, इसलिए बर्बादी की संभावना बढ़ गई है। लालटेन वालों ने बिहार को अंधेरे में रखा। बिहार में जंगलराज, जेल और जहर का डर है। हमें विकास के लिए वोट चाहिए। बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाने के लिए वोट चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि आज भी देश के सांस्कृतिक इतिहास की चर्चा बिहार के भव्य भूतकाल से होती है। दुनिया को अहिंसा का संदेश बिहार से मिला।
सत्ता के नशे में बैठे लोगों ने जनता के सपनों को चूर-चूर कर दिया। हम बिहार की जनता के कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार हैं। अब दिल्ली, बिहार का भाग्य बदलने के लिए उसके साथ है। बिहार के जीवन को बदलने के लिए आपसे प्रार्थना करने आया हूं। बिहार की जनता से मिले प्यार को विकास करके लौटाना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले दिल्ली की सरकार चलाते थे, आज वही लोग साथ मिलकर बिहार के लोगों को दोबारा जंगलराज की तरफ घसीटने के लिए तैयार बैठे हैं। मोदी ने कहा कि निजी सियासी लाभ पाने के लिए यह गठबंधन (लालू-नीतीश गठबंधन) किया गया। चुनाव के बाद जब ये लोग जहर उगलेंगे, तो यह जनता की थाली में पड़ेगा, जिन्होंने जहर पीया है, उनको जहर उगलने का मौका नहीं देना चाहिए। बिहार को भी बीमारू राज्य की सूची से बाहर लाना है। इसके लिए जनता हमारी मदद करे। वादा करता हूं कि पांच साल में बिहार को बीमारू राज्य की सूची से बाहर ला देंगे। इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रैली संबोधित करते हुए कहा कि बिहार ने 15 साल जंगलराज का अनुभव किया और 15 साल तक बिहार पूरे देश में जंगलराज के नाम से बदनाम होता रहा। आज बिहार की जनता यहां से तय करके जाए कि जंगलराज बिहार छोड़कर जाएगा और यहां बीजेपी की सरकार बने। अब जनता जान गई है कि लालू-नीतीश की सरकार आने पर राज्य की सरकार कैसे चलेगी। यहां एनडीए का शासन लाना बेहद जरूरी है। बिहार में एनडीए की सरकार बनने पर ही यहां का विकास होगा।