बेगम अख्तर पुरस्कार से गायकों को नवाजेगी यूपी सरकार

up gov
लखनऊ। यूपी कैबिनेट ने प्रदेश में दादरा, ठुमरी एवं गजल के क्षेत्र में विशेष प्रतिभावान एवं विशिष्ट गायकों को बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की अनुमति प्रदान कर दी है। चयनित कलाकार को बेगम अख्तर पुरस्कार एक भव्य समारोह में देने तथा इस अवसर पर स्मारिका प्रकाशन की अनुमति भी प्रदान कर दी गई है। इस पुरस्कार को बेगम अख्तर पुरस्कार के नाम से जाना जाएगा। प्रतिवर्ष दादरा, ठुमरी एवं गजल के क्षेत्र में विशेष प्रतिभावान विशिष्ट गायक को, जिसने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से उत्कृष्ट आयाम स्थापित किए हों तथा राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया हो को सम्मानित किया जाएगा। बेगम अख्तर पुरस्कार प्रत्येक वर्ष सामान्यत: एक सुयोग्य गायक कलाकार को दिया जाएगा किन्तु योग्यता के आधार पर संख्या बढ़ायी जा सकती है। पुरस्कार के लिए चयनित कलाकार को 5 लाख रुपए, अंगवस्त्रम एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए कलाकार को उ0प्र0 का मूल निवासी अथवा उसकी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश होनी चाहिए। आयु 40 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। कलाकार को अपनी प्रतिभा की दीर्घ साधना एवं श्रेष्ठ उपलब्धि के साथ-साथ राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त होना चाहिए। यह पुरस्कार कलाकार के गायन के क्षेत्र में सम्पूर्ण उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किया जाएगा ना कि किसी एक विशिष्ट संरचना के लिए। इस पुरस्कार के लिए चयन समिति द्वारा प्राप्त नामांकनों में सर्वश्रेष्ठ कलाकारों के नामों की संस्तुति मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री को प्राप्त नामों के अतिरिक्त किसी सुयोग्य कलाकार के नाम को बेगम अख्तर पुरस्कार प्रदान करने हेतु विचार करने का विशेषाधिकार दिया गया है।