यूपीपीसीएस परीक्षा: 579 अभ्यर्थी बने अफसर

uppsc
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यूपीपीसीएस परीक्षा-2014 का परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें 579 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिसमें 42 का चयन उप जिलाधिकारी डिप्टी कलेक्टर और 92 का चयन पुलिस उपाधीक्षक डिप्टी एसपी पद के लिए हुआ है। इस परीक्षा का साक्षात्कार चार दिन पहले ही खत्म हुआ है। इस बार के परिणाम में सफल अभ्यर्थी का केवल रोल नंबर प्रदर्शित किया गया है। किसी का भी नाम प्रदर्शित नहीं किया गया है।
परीक्षाम परिणाम के मुताबिक, इस बार 42 लोग डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित हुए हैं। इसमें 11 लोग ओबीसी कटेगरी, नौ लोग एससी कटेगरी और एक अनुसचित जनजाति से चयनित हुए हैं। डिप्टी कलेक्टर में इस बार 11 फीमेल अभ्यर्थी चयनित हुई हैं। इसी प्रकार 92 अफसर डिप्टी एसपी के लिए चयनित हुए हैं। इसमें से 27 डिप्टी एसपी ओबीसी के हैं। 19 डिप्टी एसपी एससी और और एक अनुसूचित जनजाति के हैंए जबकि शेष सभी सामान्य वर्ग से चयनित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार 41 लोग सहायक आयुक्त व्यापार कर और आठ लोग जेल अधीक्षक के पद के लिए चयनित किए गए हैं। आठ जेल अधीक्षक में से पांच पदों पर एससी बिरादरी के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। तीन लोग डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड और छह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद के लिए चयनित किए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी में एक पद पर एससी बिरादरी और अन्य पदों पर सामन्य बिरादरी के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।