बोले बघेल: महाराष्ट्र का खेल प्रजातंत्र के लिए उचित नहीं

डेस्क। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी सरकार के सीएम उद्धव ठाकरे के इस्तीफे और सियासी उलटफेर पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम लोग पहले से आशंका व्यक्त कर रहे थे कि भाजपा विपक्ष की सरकारों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। भाजपा के लोग साम, दाम, दंड, भेद से सरकार गिराने में लगे रहे। शिवसेना के विधायक बागी हुए थे। उसके कारण मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। भाजपा का असली चेहरा अब सामने आया है। उन्होंने क्या खेल खेला, उसका असर क्या हुआ, रिजल्ट क्या आया। महाराष्ट्र की घटना प्रजातंत्र के लिए उचित नहीं है। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि अगर सरकार से कोई विधायक नाराज हो, कोई गुट नाराज हो और उसके बाद कोई बदलाव हो तो समझ में आता है, लेकिन यहां उद्देश्य सिर्फ सरकार को गिराना था। महाराष्ट्र में सरकार को गिराने के उद्देश्य से घेराबंदी की गई। बाड़ेबंदी की गई। विधायकों की खरीद-फरोख्त भी किए होंगे।