भाजपा के धरने को सपा ने बताया सर्कस

rajendra sp
लखनऊ। सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा इन दिनों समाजवादी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का सर्कस चला रही हैं। उसके पास कहने को कुछ है नहीं। प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी हुई है। भ्रष्टाचार पर रोक है। अपराध नियंत्रण में है। जनता को बिजली मिल रही है। सड़के पुल बन रहे हैं। किसान, नौजवान, गरीब और अल्पसंख्यक सबको मुफ्त पढ़ाई-दवाई, सिंचाई के साथ रोटी, रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। भाजपा इसके बाद भी आंदोलन का क्यों खेल दिखा रही है, यह समझ से परे की बात है। भाजपा के उत्तर प्रदेश से 73 सॉसद और केन्द्र सरकार में दर्जन भर मंत्री है। इनसे पूछा जाना चाहिए कि उन्होने उत्तर प्रदेश के विकास कार्यो में कितनी रूचि ली है और उसमें कितनी केन्द्रीय मदद राज्य को दिलाई है ? मुख्यमंत्री जी ने केन्द्र को कई पत्र लिखे है और स्वयं भी व्यक्तिगत रूप से विकास कार्यो में मदद की मांग की है लेकिन केन्द्र सरकार मौन मुद्रा में है। विडंबना है कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए समाजवादी सरकार और मुख्यमंत्री जी जितना चिंतित है विपक्षी दल उसमें रोड़ा अटकाने को लेकर उतना ही सक्रिय हैं। भाजपा नेता निराधार आरोपों के साथ आंदोलन प्रदर्शन कर अपनी ही जगहंसाई कर रहे हैं। उनका विधान भवन के सामने धरना जनविरोधी है। हद तो यह है कि एक दो नेता प्रदेश सरकार से इस्तीफे की मांग भी करने लगे है। ऐसा करके वे उत्तर प्रदेश के 22 करोड़ नागरिको का ही अपमान कर रहे हैं।