वकीलों का न्याय व्यवस्था में सहयोग अहम : जस्टिस शुक्ल

shrinarainshukla
वाराणसी। न्याय व्यवस्था के सुचारु संचालन में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका होती है। वे न्यायिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग है। इनके सहयोग के बिना न्यायिक कार्य संपादित नहीं किये जा सकते। पीडि़तों को न्याय दिलाने के साथ संकट में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति व वाराणसी के प्रशासनिक जज श्रीनारायण शुक्ल ने कचहरी परिसर स्थित बार एसोसिशन के सभागार में उक्त विचार व्यक्त किए। सेंट्रल व बनारस बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था के अंर्तगत अधिवक्ताओं की समस्याओं का सम्मान पूर्वक समाधान किया जाएगा। न्यायिक तंत्र से जुड़े हर व्यक्ति को न्यायालय के मर्यादा का सम्मान करते हुए कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं को सम्मानित किया और कहा कि वे खुद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने व्याप्त दुव्र्यवस्था की ओर भी उनका आकृष्ट कराते हुए निराकरण की मांग की। समारोह में जिला जज प्रेम प्रकाश तिवारी, बार काउंसिल सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, सेंट्रल बार अध्यक्ष चंद्रमा प्रसाद सिंह, बनारस बार अध्यक्ष शंभू शरण चौरसिया, अपर जिला जज एसपी सिंह के अलावा तमाम अधिवक्ता मौजूद थे। समारोह के प्रारंभ में बार एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति व जिला जज को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संचालन महामंत्री द्वय अजय विक्रम सिंह व अनिल कुमार पाठक ने किया। न्यायमूर्ति ने कचहरी परिसर में बन रहे भवन का भी निरीक्षण किया।