युवाओं को गुमराह कर रहे हैं मोदी: गहलोत

ashok-gehlot

लखनऊ। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। उन्होंने मोदी पर युवाओं को गुमराह करने का गंभीर आरोप भी लगाया। साथ ही उन्होंने मोदी पर कम ज्ञान रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे हमेशा ही इतिहास को पढ़े बिना ही भाषणबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले मोदी ने पहले तो गलत तथ्य पेश किया और आज भी उसी पर काम कर रहे हैं। गहलोत ने मोदी पर सोशल मीडिया का भी बेजा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलौत रविवार को राजधानी में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब हम मंगल ग्रह पर पहुंचे, तो मोदी ने इसे अपने एक महीने के कार्यकाल की देन बता दिया। अगर इंदिरा गांधी ने इसरो की स्थापना न की होती, तो फिर यह कहीं से भी संभव नहीं था। इसरो के बिना हम विज्ञान के क्षेत्र में कहां खड़े होते यह किसी को भी पता नहीं है। पूर्व सीएम ने कहा कि मोदी जहां भी जाते हैं वहां कोई न कोई शिगूफा छोड़ते रहते हैं।