आईएएस यानी इंविजिवल आफ्टर सरकार: अखिलेश

cm1

लखनऊ। उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लगभग साढ़े तीन साल के शासन के बाद कहा है कि अब समझ गया हूं कि अधिकारियों से काम कैसे लेना है। हां समझने में थोड़ी देर जरूर लगी। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सिंचाई विभाग के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उन्हें अब यह पता चल गया है कि नट बोल्ट को कहां कितना टाइट करना है और कितना ढीला छोडऩा है। नौकरशाही के काम करने के तरीके पर तंज करते हुए उन्होने कहा कि आईएएस अफसर अपने आपको  इंविजिवल आफ्टर सरकार समझते हैं। हालांकि इसमें कुछ अच्छे अफसर भी हैं। कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री बना इसलिए समझने में थोड़ी देर जरूर लगी। लेकिन अब यह समझ गया हूं कि फ्रिज में कौन सी चीज कहां रखनी हैं। सरकार चलाने में दिक्कतें तो कई आती हैं। लेकिन उन दिक्कतों को दूर कर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अधिकारियों की ट्रिक को समझते हैं। चुटकी लेते हुए कहा कि इनसे कैसे काम लेना है यह अच्छी तरह समझ गया हूं। केंद्र सरकार के सहयोग के बगैर प्रदेश सरकार विकास कर रही है। केंद्र से हमें कई योजनाओं में पैसा नहीं मिल रहा है। इसके बावतजूद बड़े पैमाने पर योजनाओं को जमीन पर उतारा है। उन्होंने कहा कि उप्र की नदियों को और भी साफ और बेहतर बनाया जा सकता है। इसके लिए कई नदियों में प्रोजेक्ट चल रहे हैं। चंबल नदी प्रदेश की सबसे साफ सुथरी नदी है। यह नदी प्रदूषण से बची है। मछलियां व बालू इसकी सतह पर साफ देखी जा सकती है। जबकि यमुना एकदम काली पड़ गई है। हमें सभी नदियों को चंबल जैसा बनाना है।