नाराज नेता भी बीजेपी की स्टार प्रचारक लिस्ट में शामिल

advani-murli-shatrughan
नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। सूत्रों के अनुसार, स्टार चुनाव प्रचारकों की इस लिस्ट में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को भी जगह मिली है। बीजेपी ने कुल 40 स्टार प्रचारकों को इस सूची में जगह दी है।
इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अलावा तीसरे नंबर पर आडवाणी, चौथे पर मनोहर जोशी और 33वें पर शत्रुघ्न सिन्हा शामिल हैं। कुल 40 लोगों की सूची है। इसमें झारखंड के सीएम रघुबर दास का नाम भी शामिल है। इस सूची में हेमा मालिनी, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, सुशील मोदी, नंद किशोर यादव, मंगल पांडे के नाम भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की इस सूची को चुनाव आयोग को सौंप दिया है। गौर हो कि, शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले दिनों इशारों में पार्टी के कई लोगों पर जमकर निशाना साधा था, जिसके बाद उन्हें पीएम मोदी की पिछली रैली में नहीं बुलाया गया था। माना यह जा रहा था कि बिहार चुनाव के बाद शत्रुघ्न सिन्हा पर गाज गिरेगी। लेकिन पार्टी ने अप्रत्याशित रूप से उन्हें अपनी प्रचारक सूची में शामिल किया है। वहीं, पार्टी में हाशिए पर चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह मिली है। जोशी ने भी कुछ मौकों पर सरकार की नीतियों पर असहमति जाहिर की है।