राज्यमंत्री पंडित सिंह से भिड़े पालिकाध्यक्ष, पुलिस ने तोड़ी लाठियां

gonda pandit singhगोंडा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद हुए साम्प्रदायिक बवाल के बाद शनिवार को दोपहर बाद स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई। नगर पालिका के अधिकार विहीन अध्यक्ष द्वारा राज्य मंत्री पंडित सिंह से चौराहे पर गाली गलौज के साथ हुए पथराव के कारण कई लोगों को चोटें आई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस द्वारा लाठी भांजने से भगदड़ मच गई। पुलिस ने निर्मल श्रीवास्तव समेत करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार की घटना के लिए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग को लेकर चौक क्षेत्र के व्यापारियों ने चौथे दिन भी अपनी दुकानें बंद रखी थीं। नगर में घूम घूमकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपद्रवियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई व व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा देने का आश्वासन दे रहे थे। दोपहर बाद करीब दो बजे सदर विधायक व प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सपा के जिलाध्यक्ष महफूज खां व पूर्व पालिकाध्यक्ष कमरुद्दीन के साथ व्यापारियों से मिलकर उन्हें सांत्वना देने के लिए चौक क्षेत्र में पहुंचे। वह दंगे में सर्वाधिक प्रभावित कृष्णा मार्केट के व्यापारियों से मिलकर जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के साथ पैदल चलते हुए एकता चौक से भरत मिलाप चौराहे पर पहुंचे थे कि अचानक दूसरे ओर से आकर नगर पालिका परिषद के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकारी सीज अध्यक्ष रूपेश कुमार उर्फ निर्मल श्रीवास्तव ढाई तीन दर्जन समर्थकों के साथ पहुंचकर उनके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोंकने की कोशिश की, तब तक पथराव शुरू हो गया और भगदड़ मच गई। इस बीच मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच समुदाय विशेश की जो दुकानें खुली थीं, वे भी आनन-फानन में बंद हो गई। पुलिस ने निर्मल श्रीवास्तव समेत करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके विरोध में निर्मल के समर्थक सैकड़ों लोग व महिलाएं कोतवाली पहुंच गईं जिन्हें पुलिस ने लाठी भांजकर व आंसू गैस के गोले छोड़कर खदेड़ दिया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार की घटना में थाना कोतवाली नगर में अब तक 16 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। प्रशासन ने अब तक 36 दुकानों में एक करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का आंकलन किया है। जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रशासन वीडियो फुटेज के माध्यम से उपद्रवियों को चिन्हित कर रहा है। दोषी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थवश माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। वे आज सार्वजनिक हो गए। प्रशासन प्रकरण में सख्ती से कार्रवाई करेगा। उधर नगर पालिकाध्यक्ष निर्मल श्रीवास्तव की गिरफ्तारी पर उनकी मां पूनम देवी ने प्रदेश के राज्यपाल को पत्र भेजकर कहा है कि उनके पुत्र निर्मल व विमल को पुलिस गिरफ्तार कर अज्ञात स्थान पर लेकर चली गई है, जिसकी सूचना उन्हें नहीं है। उन्हें भय है कि सत्तापक्ष व स्थानीय पुलिस उनके पुत्रों के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकती है। उन्होंने राज्पाल से मांग की है कि पुत्रों की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में सूचना दिलाई जाय व जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों व मंत्री पंडित सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की जाय।