बिजनेस डेस्क। रविवार का दिन गूगल के लिए कुछ खास है। दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन गूगल आज अपना 17वां जन्मदिन मना रहा है। गूगल ने अपने 17वें जन्मदिन पर एक आकर्षक डूडल तैयार किया है। गूगल के जन्मदिन को लेकर साल 2005 तक काफी बहस छिड़ी रहती थी। जब इस सर्च इंजन ने आधिकारिक तौर पर अपनी मौजूदगी पूरी दुनिया में दर्ज कराई थी तब इसने अपना पहला जन्मदिन 07 सितंबर, 1998 को मनाया था। इसी साल गूगल 4 सितंबर को अस्तित्व में आया था, लेकिन आगे चलकर गूगल ने साल 2005 में 27 सितंबर को अपने जन्मदिन के रूप में चुना और उसके बाद वो अपना जन्मदिन आज ही के दिन मनाता आ रहा है। गूगल की स्थापना लैरी पेज और सर्जी ब्रिन ने की थी। इस सर्च इंजन को बनाने का मकसद यह था कि दुनिया भर की हर एक छोटी-बड़ी जानकारी और सूचनाओं को एक साथ एक जगह पेश किया जा सके और पूरी दुनिया में लोग इसे जान सकें। अंग्रेजी में लिखा जाता है गूगल आप जानते होंगे, लेकिन असल में यह गूगल की गलत स्पेलिंग है। पेज और ब्रेन ने पहले इसका नाम बैकरब रखा था। जब 15 सितंबर 1997 को इसके डोमेन रजिस्ट्रेशन का समय आया तो लैरी ने इसका नाम गूगल कर दिया। इसके पीछे कारण यह था कि लैरी की गणित में रुचि थी। 4 सितंबर 1998 को आधिकारिक रुप से गूगल कंपनी की शुरुआत हुई। गूगल की शुरूआत में लैरी की कल्पना थी कि एक ऐसा सर्च इंजन बनाया जाए जो विभिन्न वेबसाइटों के आपसी संबंध का विश्लेषण कर सके। सर्च इंजन के मामले में दुनिया की नंबर 1 कंपनी गूगल का पहला स्टोरेज 1996 में बनाया था। उस समय गूगल का नाम बैकरब था। बैकरब की स्टोरेज क्षमता 40 जीबी थी।