मतदाताओं को नोट बांटने के विवाद में मारी गोली

gun-shotरायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में बीडीसी के दो प्रत्याशियों के समर्थक वोटरों को लुभाने की कोशिश कर रहे थे। गेगासो निवासी जितेंद्र शुक्ला उर्फ बउवा शुक्ला और राजू तिवारी के बीच रात में इसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान राजू तिवारी के समर्थक मनीष उर्फ राजा पांडेय को गोली मार दी गई। गोली उसके सिर में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सिंह ने बताया कि बउवा शुक्ला की बहू शांती देवी बीडीसी का चुनाव लड़ रही है। उधर दूसरे पक्ष से राजू तिवारी भी चुनाव लड़ रहा है। राजू तिवारी का आरोप है कि दूसरा पक्ष गांव आकर मतदाताओं को रुपया बांट रहा था। इसी को लेकर विवाद हुआ। इसमें राजू तिवारी पक्ष के समर्थक मनीष को गोली मारी गई। गोली उसके सिर को छीलती हुई निकल गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाएगी।