नि:शक्त किसान देवराज को मिली सीएम अखिलेश की मदद

devraj kisanलखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की संवेदनशीलता और पहल से जनपद बांदा के नि:शक्त किसान देवराज को भारी राहत मिली है। एक पैर में पूर्ण विकलांगता के बावजूद अपने मजबूत इरादों और हौसलों की बदौलत, पिछले 40 साल से एक पैर से हल-बैल द्वारा खेती करने वाले श्री देवराज को आज दाहिने पैर का कृत्रिम अंग लगाया गया। नि:शक्त कृषक के सराहनीय जज्बे के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने श्री देवराज को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है। श्री देवराज ने त्वरित सहायता के लिए श्री यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि श्री देवराज की हिम्मत और उनका हौसला समाज को प्रेरित करता है। पिछले 40 साल से एक पैर से हल जोतने का कार्य करके उक्त कृषक ने एक मिसाल कायम की है। ऐसे व्यक्ति को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार किसानों की खुशहाली और तरक्की के लिए लगातार कार्य कर रही है।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को जनपद बांदा की बबेरू तहसील के पतवन ग्राम निवासी श्री देवराज के बारे में जानकारी मिली थी। उक्त कृषक की पारिवारिक और आर्थिक स्थिति का ब्यौरा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने बांदा के जिलाधिकारी को 7 अक्टूबर को निर्देशित किया था। मुख्यमंत्री के आदेशों के अनुपालन में स्थानीय प्रशासन द्वारा उक्त कृषक की आर्थिक एवं पारिवारिक स्थिति की जांच की गई, जिसके अनुसार 65 वर्षीय श्री देवराज लघु एवं सीमान्त कृषक की श्रेणी में आते हैं। उनके पास मात्र 1.392 हेक्टेयर कृषक भूमि है, जिससे वे अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। वे स्वयं अपने परिवार के मुखिया तथा मुख्य कमाऊ सदस्य हैं।
श्री देवराज को कृत्रिम पैर लगाए जाने के लिए श्री यादव द्वारा जिलाधिकारी एवं डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को निर्देशित किया गया। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा आज कृत्रिम अंग लगाए जाने की व्यवस्था की गई। कृत्रिम अंग लगने के बाद श्री देवराज अपने पैरों से चलने-फिरने में समर्थ हो गए हैं।