शुरू हुआ अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड एक्सपो 2015

cms26octलखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल आर.डी.एस.ओ. कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड एक्सपो 2015 का भव्य उद्घाटन आज सायं सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच विश्व एकता व विश्व शान्ति के गीत गाते देश-विदेश के बाल खिलाडिय़ों का जमघट व जगमग करती रोशनी से सम्पूर्ण ऑडिटोरियम चकाचैंध हो गया। इससे पहले, मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने एकता व शान्ति का दीप प्रज्जवलित कर अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड एक्सपो-2015 का विधिवत उद्घाटन किया तथापि खेल जगत की अनेक महान विभूतियों एवं प्रख्यात हस्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की भव्यता में चार चाँद लगा दिये। अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड एक्सपो 2015 का शुभारम्भ सर्व-धर्म एवं विश्व शान्ति प्रार्थना से हुआ। इस भव्य कार्यक्रम में सी.एम.एस. छात्रों ने बच्चों ने विश्व के विभिन्न देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को हाथों में लहराते हुए सारे विश्व में शान्ति रहे का सन्देश दिया। रोशनी एवं संगीत के सुन्दर तालमेल के बीच सी.एम.एस. छात्रों ने भारतीय संस्कृति का आलोक बिखरते एक से बढ़कर एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा नेपाल, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, यू.ए.ई., बांग्लादेश, अफगानिस्तान एवं भारत के विभिन्न प्रदेशों से पधारी टीमों के मार्च पास्ट ने चुस्ती-फुर्ती से भरे लघु विश्व का दृश्य प्रस्तुत किया।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड एक्स्पो-2015 में श्रीलंका, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, यू.ए.ई., भूटान एवं भारत के विभिन्न प्रदेशों से पधारे 750 से अधिक बाल खिलाड़ी अपने दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल प्रतियोगिताएं कल 26 अक्टूबर से प्रारम्भ होंगी जिसके अन्तर्गत ट्रैक एण्ड फील्ड प्रतियोगिताओं में 100मी, 200 मी, 400मी, 800मी, 1500मी एवं 4 गुणा 100 मी रिले दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा लम्बी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोला फेंक आदि प्रतिस्पर्धाओं में देश-विदेश के खिलाड़ी अपने दम-खम का प्रदर्शन करेंगे।