गुजरात निकाय चुनाव: बीजेपी की शानदार जीत

नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव में 8 में से 6 स्थानों पर जीत दर्ज किया है। वहीं, महाराष्ट्र में पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। गुजरात में अलग-अलग जिलों में आठ स्थानीय निकाय सीटों पर हुए उपचुनाव में छह पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। भाजपा का इनमें से पहले केवल दो पर ही कब्जा था। राज्य में मुख्य विपक्षी कांग्रेस को इस दौरान सीटें गंवानी पड़ी है। भाजपा ने सात जिलों की सात नगरपालिकाओं की सीटों पर हुए उपचुनाव में पांच पर जीत हासिल करने के साथ एक मात्र तालुका पंचायत सीट रांधेजा पर भी कब्जा जमाया है।
वहीं महाराष्ट्र में पंचायत के पहले चरण के चुनाव के अब तक प्राप्त नतीजों में भाजपा ने करीब 50 फीसदी सीटों पर जीत दर्ज की है। 7 अक्टूबर को हुए 3,884 ग्राम पंचायत चुनावों में से 2,974 पंचायत के नतीजे मंगलवार को घोषित हुए, जिसमें भाजपा को 1457 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस को अब तक 301 सीटों पर जीत मिली है। वहीं 222 सीटों पर शिवसेना ने कब्जा किया है। एनसीपी ने 194 सीट पर बाजी मारी है। पंचायत के दूसरे चरण के चुनाव के लिए 3,692 ग्राम पंचायतों में 14 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे। 16 अक्तूबर को इसका परिणाम जारी होगा।