कांग्रेस से पूछकर महिलाएं पहनेंगी कपड़े पर बवाल

अहमदाबाद। आरएसएस की शाखाओं में महिलाओं के शॉट्र्स पहनने के कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और कांग्रेस पार्टी को इस पर माफी मांगनी चाहिए। आनंदीबेन ने कहा, सोनिया गांधी और राहुल की बहन (प्रियंका गांधी) को पूछना। ऐसे शब्द महिलाओं के बारे में उन्होंने बोले, क्या वे ठीक हैं ? क्या आपको पसंद आया ? उन्होंने कहा, कांग्रेस की यही दृष्टि है कि वह महिलाओं के कपड़े देखे। कांग्रेस का यही संस्कार है। अब कांग्रेस को पूछकर महिलाएं कपड़े पहनेंगी। उन्होंने चेताया कि अगर कांग्रेस ने माफी नहीं मांगी तो पूरे गुजरात की महिलाएं इसका विरोध करेंगी। आनंदीबेन ने बताया कि आरएसएस में महिलाओं के लिए अलग से शाखा है और पूरे देश में लाखों शाखाएं चल रही हैं। राहुल को इसकी जानकारी ही नहीं है।