आगरा मेट्रो: योगी ने बताया ऐतिहासिक दिन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताजनगरी के लिए सोमवार को ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल की आधारशिला से आगरा एक नए युग की ओर बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश के इस ऐतिहासिक शहर को मेट्रो के रूप में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया स्वरूप प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को आगरा में मेट्रो की आधारशिला रखने आए थे। पीएसी ग्राउंड पर कार्यक्रम में गणमान्यों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 लाख की आबादी वाले शहर में हर साल लाखों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं।
उन्होंने अफसोस जताया कि शहर में समय के अनुरूप पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन और पर्यटकों की सुविधा के साधन नहीं थे। उसे विकसित और प्रोत्साहित करने में कठिनाई थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर कई बार चिंता व्यक्त की थी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले छह साल में बेहतर परिवहन सुविधाओं को विकसित किया गया। मेट्रो इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इसी का नतीजा है कि उप्र में भी मेट्रो सेवाओं का व्यापक प्रसार और विस्तार हुआ है। सूबे में गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, लखनऊ में मेट्रो का संचालन हो रहा है। कानपुर में निर्माण अंतिम चरण में है। अब आगरा में भी मेट्रो के निर्माण और विकास का शुभारंभ हो गया है।