नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार : 17 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

पटना। बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए मंत्रिमंडल के विस्तार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार खत्म। इसके साथ ही अबतक जारी अटकलों का दौर भी खत्म हो गया। बिहार विधानसभा चुनाव2020 में मंत्रिमंडल गठन के 85 दिनों बाद अब नीतीश मंत्रिमंडल का आज यानी मंगलवार को विस्तार हो गया है। मंत्रिमंडल में 17 मंत्रियों ने शपथ ली है। भाजपा से नौ, जबकि जदयू से आठ मंत्रियों ने शपथ ली है। अभी नीतीश सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोडक़र 13 मंत्री थे। इनमें जदयू से चार, भाजपा से सात, जबकि हम और वीआईपी कोटे के एक-एक मंत्री थे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित हुआ। सबसे पहले बीेजेपी एमएलसी शाहनवाज हुसैन ने शपथ ली। इसके अलावा भाजपा के नितिन नवीन, सम्राट चौधरी, सुभाष सिंह, आलोक रंजन, प्रमोद कुमार, जनकराम और नारायण प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा जदयू से श्रवण कुमार, मदन सैनी, लेसी सिंह, महेश्वर हजारी, संजय कुमार झा, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज और सुनील कुमार ने शपथ ली।