बर्थ डे पर शिवपाल का छलका दर्द

लखनऊ। प्रगतिशील पार्टी के राष्ट्रलय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का परिवार की एकजुटता को लेकर दर्द छलका उठा। बसंत पंचमी के दिन शिवपाल सिंह यादव अपना 66वां जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। साथ ही शिवपाल और अखिलेश के बीच दूरियां बढ़ाने वालों पर जमकर निशाना साधा। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2022 का चुनाव समाजवादी परिवार के साथ मिलकर लडऩे की इच्छा है। बातों ही बातों में शिवापाल यादव ने अखिलेश से नजदीकियां बढ़ाने का इशारा किया। बसंत पंचमी को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मां सरस्वती सबको सद्बुद्धि प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव आज लखनऊ में नहीं हैं, नहीं तो वह जन्मदिन पर सबसे पहले उनका आशीर्वाद लेने के लिए जाते। अपने जन्मदिन के मौके पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सभी जानते हैं परिवार को एकजुट होने में अड़चन डालने वाले कौन हैं। इन्हीं लोगों ने समाजवादी परिवार से उनकी दूरियां बढ़ाईं। पंचायत चुनाव का जिक्र करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी को एक होना चाहिए। प्रसपा ग्राम पंचायत का चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन जिला पंचायत का चुनाव जरूर लडऩा चाहेगी और उसमें बेहतर प्रदर्शन भी करेगी, उसके लिए पार्टी पूरी तरह से तैयारी कर रही है।