इंडिया टूरिज्म मार्ट: मिलेगा मेडिकल वीजा

नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीसरे इंडिया टूरिज्म मार्ट के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। इसका आयोजन फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन इन इंडिया टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी (फेथ) द्वारा किया गया। इस आयोजन के लिए फेथ को बधाई देते हुए डॉक्टर हर्षवर्धन ने इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से 60 देशों के 250 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तीसरे इंडिया टूरिज्म मार्ट का काफी महत्व है क्योंकि यह उस समय आयोजित किया जा रहा है जब विश्व महामारी के काले बादलों से बाहर निकल रहा है और दुनिया के देश सभी स्वास्थ्य और सुरक्षा एहतियातों के साथ पर्यटन क्षेत्र को खोलने पर विचार कर रहे हैं।
कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने में सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि भारत ने कोविड-19 के खिलाफ विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम को प्रारंभ किया है। हमने 85 लाख से अधिक लोगों को भारत में टीका लगाया है, हमसे सहायता चाहने वाले देशों को टीके की लाखों डोज भेजी गई हैं। भारत की स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं में प्रगति से भारत में चिकित्सा पर्यटन में वृद्धि हुई है। डॉक्टर हर्षवर्धन ने इस बारे में कहा कि भारत हमेशा से लोकप्रिय पर्यटक केन्द्र रहा है। पिछले कुछ वर्षों में भारत चिकित्सा पर्यटन के अग्रणी स्थान के रूप में उभरा है। हमारे विशाल और सक्रिय स्वास्थ्य सेवा उद्योग ने अपने को विश्व से तुलना करने योग्य बनाया है। पूरे विश्व में विश्वस्तरीय डॉक्टर, नर्स तथा पैरामेडिकल स्टाफ प्रदान करने के लिए भारत को माना जाता है। अक्सर विश्व औषधालय समझे जाने वाला भारत दुनिया के बड़े दवा निर्माताओं में एक है और बड़े पैमाने पर विश्व में टीके की सप्लाई करता है। इन मजबूतियों और क्षमताओं के कारण चिकित्सा पर्यटन के मामले में भारत महत्वपूर्ण स्थान के रूप में उभरा है। डॉक्टर हर्षवर्षन ने बताया कि चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हमने मेडिकल वीजा जारी करना प्रारंभ कर दिया है और शीघ्र ही फिर से ई-टूरिस्ट वीजा तथा अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू करने की योजना बना रहे हैं। डॉक्टर हर्षवर्धन ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ाने में पर्यटन मंत्रालय के प्रयासों के समर्थन को आश्वासन दिया।