बोले अखिलेश: भाजपा की विद्वेषपूर्ण नीति-रीति

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार द्वारा किसानों पर हो रहे अत्याचार, एमएसपी पर धान खरीद न होने, ऐतिहासिक बेरोजगारी, मंहगाई की आग में जल रही जनता की आवाज बुलंद करने के लिए ट्रैक्टर से विधान भवन जा रहे समाजवादी पार्टी के विधायकों सर्वश्री आनन्द भदौरिया, उदयवीर सिंह, डॉ0 संग्राम सिंह और राजेश यादव राजू के साथ आज मुख्यमंत्री जी के इशारे पर दुव्र्यवहार लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या है। यह समाजवादी पार्टी विधायकों के प्रति भाजपा की विद्वेषपूर्ण नीति-रीति की भी परिचायक है। विधायकों को अपमानित करने के अलावा ट्रैक्टर जब्त कर लिये गए। उनके ड्राइवरों की बुरी तरह पिटाई की गई है। सत्ता के हर अन्याय और अत्याचार का उत्तर जनता अवश्य मांगेगी। आज विधान भवन पर ट्रैक्टर के साथ श्री अमिताभ बाजपेयी, डॉ0 राजपाल कश्यप, श्री रामवृक्ष यादव, श्री सुनील सिंह साजन के प्रदर्शन करने पर पुलिस ने दुव्र्यवहार किया। विधायकों को अपमानित करने की यह निंदनीय परम्परा भाजपा सरकार ने डाली है जिसका उसे भी भुगतान करना होगा। चाहे केन्द्र की ‘कील ठोको‘ भाजपा सरकार हो या उत्तर प्रदेश की ‘ठोक दो, और ‘राम नाम सत्य‘ कर देने वाली भाजपा सरकार ये सभी किसान आंदोलन के साथ खड़े जनसमर्थन से डरकर किसानों के प्रतीक तक से भयभीत हो उठे हैं। यह डर ही है जो भाजपा सरकार को आक्रांत किए हुए है। इसमें वे उचित-अनुचित का भेद भी भूल गए हैं और जनता के अधिकारों को भी कुचलने की कुचेष्टा की जा रही है।