नई दिल्ली। कोरोना वायरस तबाही का और कितना खतरनाक मंजर दिखाएगा, यह किसी को नहीं पता। भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जहां एक दिन में कोरोना के 4 लाख से अधिक पॉजिटिव केस मिले हैं। यह अपने आप में डराने वाला रिकॉर्ड है। देश में शुक्रवार को कोरोना के अब तक के सर्वाधिक 4 लाख 02 हजार 110 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढक़र 1 करोड़ 91 लाख 57 हजार 094 हो गई। साथ ही देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 32 लाख पार कर गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को एक दिन में 3522 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। इस तरह से कोरोना संक्रमण के कारण अब तक दम तोड़ चुके लोगों की कुल संख्या बढक़र 2,11,836 हो गई। सक्रिय मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। अब यह बढक़र 32,63,966 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.90 प्रतिशत है। लोगों के ठीक होने की दर गिरकर 81.99 प्रतिशत हो गई है। देश में अब तक 1,56,73,003 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि, मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है।
खौफनाक कोरोना: नए केस देश में 4 लाख पार
