हरियाणा सरकार भी मंगाएगी ग्लोबल टेंडर

डेस्क। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए कोविड-19 वैक्सीन की खरीद के संबंध में ग्लोबल टेंडर मंगाएगी। विज ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जो सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है, वह है सभी को वैक्सीन देना। सभी को वैक्सीन मिल जाएं, इसके लिए हम ग्लोबल टेंडर जारी करने जा रहे हैं। दुनिया में हमें अगर कहीं से भी वैक्सीन मिल जाती है तो हम हरियाणा के सभी लोगों को वैक्सीन लगा देगें।
विज ने एक ट्वीट में कहा कि हरियाणा के लोगों के लिए कोविड-19 वैक्सीन की खरीददारी को लेकर ग्लोबल टेंडर आमंत्रित करेगा ताकि जल्द से जल्द राज्य में 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण हो जाए।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और दिल्ली जैसे राज्यों ने भी टीके की अपनी जरूरतों के लिए ग्लोबल टेंडर आमंत्रित करने का फैसला किया है। वर्तमान में देश में भारत बायोटेक के स्वदेशी टीके कोवैक्सीन और ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविशील्ड टीकों का इस्तेमाल हो रहा है।