नई दिल्ली। महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में तबाही मचा रहे चक्रवाती तूफान तौकते का असर बुधवार को राजधानी दिल्ली में दिनभर रहा। प्रचंड गर्मी वाले मई माह में सावन के महीने का एहसास हुआ। दिनभर बारिश की फुहारें और ठंडी हवाएं चलती रहीं। दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे खिसक गया। अभी इसमें और गिरावट आने का आसार है क्योंकि अभी गुरुवार को भी तौकते का असर रहेगा। शुक्रवार को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम में बदलाव पिछले तीन दिनों से बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और तौकते तूफान के कारण आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा। आद्रता बढऩे से चिपचिपी गर्मी शुरू हो गई थी। शरीर का पसीना नहीं सूख रहा था। गुजरात व महाराष्ट्र से लगभग एक हजार किलोमीटर दूर तक पहुंचने में तूफान तो कमजोर हो गया, लेकिन हवा का कम दबाव बना रहा। बुधवार को सुबह से बारिश शुरू हुई तो दिनभर चलती ही रही। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से पारा लुढक़ गया। निजी अंतरराष्ट्रीय मौसम वेबसाइटों पर तो दोपहर में दिन का तापमान 22 डिग्री के करीब दिखा रहा था। इससे लोगों को अपने घरों में एसी, कूलर व पंखा तक बंद करना पड़ गया।
दशकों बाद दिल्ली में बदला है मौसम का मिजाज
